उदयपुर,(ARLive news)। निर्वाचन आयोग द्वारा नगर पालिका आम चुनावए 2021 के तहत जिले की फतहनगर-सनवाड, भीण्डर व सलूम्बर नगर पालिका में मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। जिले में नगर पालिका चुनाव के तहत तीनों नगर पालिका क्षेत्रों में मतदान समाप्ति के बाद निर्वाचन कार्यालय के सांख्यिकी प्रकोष्ठ से प्राप्त सूचनानुसार कुल 82.48 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। इसमें सलुम्बर में 78.77 प्रतिशत, फतहनगर में 86.07 व भीण्डर में 81.55 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी कलक्टर चेतन देवड़ा एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव पचार ने मतदान के दौरान गुरूवार दिन में सभी नगर पालिकाओं के विभिन्न मतदान केन्द्रों का अवलोकन किया और चल रही मतदान प्रक्रिया को देखा। उन्होंने संबंधित मतदान केन्द्र पर लगे अधिकारियों से व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं निर्वाचन विभाग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
एसपी डॉ. पचार ने मतदान केन्द्रों पर लगे पुलिस अधिकारी-कार्मिकों को कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। कलक्टर-एसपी के इस निरीक्षण के दौरान संबंधित मतदान केन्द्रों पर मतदाता कोविड-19 के प्रोटोकॉल की पालना करते दिखाई दिए।


