उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर में जनवरी के अंतिम सप्ताह में भी शीतलहर लगातार जारी है। जिसके कारण बीती रात मंगलवार-बुधवार मध्यरात्री का तापमान गिरकर 2.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पूरी सर्दी के दौरान उदयपुर में इतना कम तापमान दूसरी बार ही रहा है। इससे पहले 2.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दिसंबर में जारी कड़ाके की ठंड के दौरान रहा था।
उदयपुर राजस्थान में सबसे ठंडे 5 जिलों में एक रहा है। बीती रात सबसे कम माउंट आबू में -3.0, सीकर में 1.0, भीलवाड़ा में 1.8, चुरू में 2.1, उदयपुर में 2.6 और चित्तौड़गढ़ में 2.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
उदयपुर में बीती रात रही ठंड के चलते लोगों ने आज सुबह भी ठिठुरन भरी सर्दी का एहसास किया। दिन में फतहसागर पर कई शहरवासी और पर्यटक धूप सेंकते नजर आए। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस सप्ताह के आने वाले दिनों में रात और दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी।


