टोंक,(ARLive news)। जिले के सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर और गाङी की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के 12 सदस्यों की मौत हो गयी। इतने भीषण हादसे में गाड़ी में मौजूद सिर्फ 3 साल की बच्ची ही बची है, जिसे एक खंरोच तक नहीं आयी।सूचना मिलने पर एसपी, एसडीएम, एएसपी और सदर थाना एसएचओ मौके पर पहुंचे।
मध्यप्रदेश के जीनापुर निवासी दो चचेरे भाई 25 दिन पैदल चलकर खाटू श्याम के दर्शन करने पहुंचे थे। इनका परिवार इन्हें लेने खाटू श्याम आया था। सभी ने खाटू श्याम जी दर्शन किए। बीती रात दोनों चचेरे भाई दो गाड़ियों में परिवार के साथ खाटूश्याम जी से लौटे। ये टोंक में सदर थाना क्षेत्र के हाईवे-52 पर थे कि आगे चल रही गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी पूरी तरह पिचक गयी और गाड़ी में बैठे सभी लोग बुरी तरह फंस गए। पुलिस ने जेसीबी की मदद से बमुश्किल सभी को निकाला। गाड़ी में बैठे 8 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि 4 ने हाॅस्पिटल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गाड़ी में सिर्फ 3 साल की बच्ची ही सुरक्षित बची, जिसे एक खंरोंच तक नहीं आयी। इस गाड़ी में दो चचेरे भाइयों में एक भाई और उसका परिवार बैठा था। जबकि दूसरा चचेरा भाई पीछे आ रही दूसरी गाड़ी में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ था।


