जयपुर,(ARLive news)। शहर में शनिवार सुबह 6 बजे चौमूं हाउस सर्कल पर अचानक सङक धंसने से वहां 25 फीट गहरा और 30 फीट चौड़ा गड्ढा हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक ऑटो गड्ढे में जा गिरा। हादसे में ऑटो चालक और सवार युवती घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद एक सुरक्षा गार्ड और कुछ ऑटो चालकों ने पहुंचकर रस्सी की सहायता से युवती और ऑटो चालक को गड्ढे से बाहर निकाला और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद क्रेन से ऑटो रिक्शा को बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार टोंक फाटक के पास मधुबन कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय युवती रेखा कोटिया आज सुबह सिंधिकैंप बस स्टैंड से ऑटो में बैठकर घर जा रही थी। तभी चौमूं हाउस सर्किल पर कुछ ही सेकंड्स में सड़क धंस गई। जिससे ऑटो चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और वो 25 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा।
ऑटो स्टार्ट में इस्तेमाल रस्सी से बचाई जान
हादसे के दौरान एक गार्ड नजदीक में ही चाय पी रहा था। वह तुरंत मौके पर पहुंचा। तभी कुछ और ऑटो चालक भी वहां पहुंच गए। सभी ने ऑटो स्टार्ट में इस्तेमाल होने वाली 5-6 रस्सियों को जोड़कर नीचे गड्ढे में डाली। रस्सी से युवती और ड्राइवर को बांधकर बाहर निकाला जा सका। इसके बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां युवती रेखा को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
जयपुर नगर निगम उपायुक्त आरके मेहता ने कहा कि सड़क के नीचे 50 साल पुरानी सीवर लाइन है। उस सीवर लाइन को बदलने के टेंडर निकाले जा चुके हैं। इसके निर्माण में 1 करोड़ की लागत आनी है। फिलहाल, मौके पर सीवर लाइन को ठीक करके ट्रैफिक शुरू करवा दिया जाएगा।


