जयपुर,(ARLive news)। राजस्थान रोडवेज अगले सप्ताह से जयपुर-दिल्ली और जयपुर-अजमेर के बीच इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर रहा है। इन इलेक्ट्रिक बसों का किराया वॉल्वो बसों से भी कम रहेगा। परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास सोमवार को रोडवेज प्रशासन की बोर्ड बैठक करके इसके संचालन की रूपरेखा तय करेंगे।
परिवहन मंत्री खाचरियावास ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करने का सबसे बड़ा फायदा प्रदूषण में कमी लाना और यात्रियों को वॉल्वो बस के किराये से भी कम रेट पर अच्छी यात्रा का अनुभव करवाना है। जयपुर-दिल्ली रूट पर करीब 20 बसें, और जयपुर-अजमेर, जयपुर-आगरा रूट पर भी कुछ बसों को चलाने की प्लानिंग है। हालांकि अंतिम निर्णय सोमवार को प्रस्तावित रोडवेज की बोर्ड बैठक में किया जाएगा।
खाचरियावास ने बताया कि ग्रामीण रूटों पर रोडवेज बसों की अच्छी डिमांड है। हम उन रूटों पर भी बसों का संचालन करने की योजना बना रहे है, जिन पर यात्रीभार की तुलना में बसों की संख्या बेहद कम है। इसके अलावा कई ऐसे रूट भी चिह्नित कर रहे है, जहां बसों का संचालन नहीं हो रहा और लोगों को मजबूरन प्राइवेट बस, जीप या अन्य वाहनों से सफर करना पड़ता है।


