उदयपुर/जयपुर,(ARLive news)। देश सहित राजस्थान में आज शनिवार सुबह से कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरूआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्चुअली इस महाअभियान की शुरुआत की। जयपुर के 21 सेंटर्स, उदयपुर में 9 सेंटर्स सहित राजस्थान में शनिवार को 167 केंद्रों पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। राज्य में पहले चरण का अभियान 10 दिन चलेगा।
उदयपुर में पहला टीका सीएमएचओ डाॅक्टर दिनेश खराड़ी ने लगवाया। इसके बाद एमबी हाॅस्पिटल अधीक्षक डाॅक्टर आरएल सुमन, आरएनटी मेडिकल काॅलेज प्रिंसीपल डाॅक्टर लाखन पोसवाल, उपअधीक्षक डाॅक्टर रमेश जोशी ने टीका लगवाया।
सीएमएचओ डाॅक्टर दिनेश खराड़ी ने बताया कि टीका सुरक्षित है, यह संदेश देने के लिए ही मैंने सबसे पहले टीका लगवाया है, ताकि मेरी टीम प्रोत्साहित रहे और आमजन में भी भरोसा आए। कोई भी वैक्सीन बिना ट्रायल के मार्केट में नहीं आती है, इसका ट्रायल भी हुआ है। टीका लगाते समय कोई दर्द नहीं हुआ है। टीका लगवाने के बाद हम आधा घंटा निरीक्षण कक्ष में बैठेंगे। वैक्सीन लगवाने के बाद भी मास्क लगाना और हाथ सेनीटाइज करना जरूरी है।
आज उदयपुर में 900 लोगों को लगेगी कोरोना वैक्सीन
डाॅक्टर खराड़ी ने कहा आज शनिवार को उदयपुर में एमबी हाॅस्पिटल सहित कुल 9 सेंटर्स पर टीकाकरण चल रहा है। आज कुल 900 लोगों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण अभियान चार ग्रुप में होगा। पहले ग्रुप में सभी हेल्थ केयर वर्कर हैं। दूसरे में फ्रंटलाइन वर्कर जैसे पुलिस, नगर निगम, यूआईटी, रेवेन्यू सहित वे विभाग जिन्होंने कोरोना काल में फ्रंट लाइन में रहकर काम किया। तीसरे ग्रुप में 50 साल से अधिक के लोग शामिल किए गए हैं और चैथे ग्रुप में 50 साल से कम जो वे लोग जो किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं।

जयपुर में चारों डाॅक्टर्स को एक साथ लगा टीका
जयपुर में एसएमएस के डॉ. सुधीर भंडारी, जयपुरिया हॉस्पिटल में डॉक्टर इज मुंजाल, डॉक्टर तरुण पाटनी और जयपुर हॉस्पिटल में डॉक्टर जीएल शर्मा को एक साथ एसएमएस अस्पताल में टीका लगाकर अभियान की शुरूआत हुई।


