नई दिल्ली,(ARLive news)। पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में बनने वाली कोरोना वैक्सीन ‘कोविशील्ड’ की पहली खेप पुणे हवाई अड्डे से रवाना होकर दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंच गई है। कोविशील्ड वैक्सीन सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया में तैयार हुई है। देश में वैक्सीन लगाने का काम शनिवार 16 जनवरी से शुरू होगा।
सीरम के सीईओ अदार पूनावाला ने बताया कि सरकार को कोविशील्ड की पहली 10 करोड़ डोज करीब 200 रुपये प्रति डोज के अनुसार उपलब्ध होगी, वहीं बाजार में यह 1000 रुपये प्रति डोज के हिसाब से उपलब्ध रहेंगी। पूनावाला ने बताया कि उनकी कंपनी हर महीने पांच से छह करोड़ वैक्सीन की डोज तैयार कर रही है।
केंद्रीय विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ‘आज एयर इंडिया, स्पाइसजेट और इंडिगो एयरलाइंस 56.5 लाख डोज के साथ पुणे से दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, गुवाहाटी, शिलॉन्ग, अहमदाबाद, हैदराबाद, विजयवाड़ा, भुवनेश्वर, पटना, बंगलूरू, लखनऊ और चंडीगढ़ के लिए 9 उड़ानें संचालित करेंगे।
दवाई की खेप को पहुंचाने का जिम्मा लेने वाली कंपनी एसबी लॉजिस्टिक के एमडी संदीप भोसले ने कहा कि आज पुणे एयरपोर्ट से आठ विमानों द्वारा कोरोना वैक्सीन को देश में 13 स्थानों पर भेजा जाएगा। पहला विमान पुणे हवाई अड्डे से दिल्ली पहुंच चुका है।


