मुंबई,(ARLive news)। आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला जारी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 329.33 अंक (0.68 फीसदी) ऊपर 49,111.84 के स्तर पर खुला। यह सेंसेक्स का उच्चतम स्तर है। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 83.90 अंक (0.58 फीसदी) ऊपर 14,431.20 के स्तर पर खुला। चौतरफा तेजी के चलते बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 196.93 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
बता दें, देश की अग्रणी सॉफ्टवेयर कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (टीसीएस) के मजबूत तिमाही नतीजों से बाजार पहली बार 49 हजार के पार खुला। टीसीएस के मुनाफे में वर्ष 2020 की अंतिम तिमाही में 7.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और कंपनी का शेयर एक फीसदी के ऊपर कारोबार कर रहा है।
केंद्रीय बजट से पहले निवेशक निवेश को लेकर चिंतित हैं
आज 1270 शेयरों में तेजी आई और 307 शेयरों में गिरावट आई। वहीं 86 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। केंद्रीय बजट से पहले निवेशक निवेश को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि ज्यादातर मार्केट विश्लेषकों के अनुसार, कोरोना के चलते इस बार का बजट उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा, जिसकी वजह से बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए। पिछले सप्ताह सेंसेक्स 913.53 अंक यानी 1.90 फीसदी मजूत हुआ जबकि निफ्टी में 328.75 अंक यानी 2.34 फीसदी की तेजी आई।
दिग्गज शेयरों की बात करें, शुरुआती कारोबार के दौरान एनटीपीसी, पावर ग्रिड, बीपीसीएल, डॉक्टर रेड्डी और आईटीसी के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं विप्रो, एम एंड एम, ग्रासिम, इचर मोटर्स और गेल के शेयर लाल निशान पर खुले।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, सभी सेक्टर्स हरे निशान पर खुले। इनमें फार्मा, आईटी, एफएमसीजी, मेटल, फाइनेंस सर्विसेज, रियल्टी, पीएसयू बैंक, बैंक, प्राइवेट बैंक, मीडिया और ऑटो शामिल हैं।


