चित्तौड़गढ,(ARLive news)। जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम और तस्करों की बीच मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी में एक तस्कर भजनाराम घायल हो गया। वहीं पथराव में नारकोटिक्स अधिकारी चोटिल हो गए। एनसीबी टीम ने दोनों को उदयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच बाकी तस्कर मौके का फायदा उठाकर एक गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। वहीं एनसीबी टीम ने प्लास्टिक के कट्टों में भरा 63 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद कर दो गाड़ियों को जब्त किया।
जानकारी के अनुसार एनसीबी को डूंगला तहसील के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में नशे की खेप होने की सूचना मिली थी। इस पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कोटा और चित्तौड़गढ़ की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे तस्करों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। नारकोटिक्स टीम द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक तस्कर भजनाराम गोली लगने से घायल हो गया।
इस दौरान कुछ तस्करों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की तो नारकोटिक्स टीम ने उन्हें घेर लिया। इस पर तस्करों ने टीम पर पथराव कर दिया। इसमें नारकोटिक्स विभाग की गाड़ी को क्षतिग्रस्त हो गई और अधिकारी मुकेश खत्री भी चोटिल हो गए। टीम ने मंगलवाड थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच की जा रही है।


