नई दिल्ली,(ARLive news)। आयकर विभाग ने ज़ी एंटरटेनमेंट समूह के 15 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह छापेमारी जीएसटी इंटेलिजेंस द्वारा दी गई कथित टैक्स चोरी की जानकारी के आधार पर की गई है। कंपनी का कहना है कि वह आईटी विभाग के साथ सहयोग कर रही है। ज़ी एंटरटेनमेंट के एक प्रवक्ता ने कहा, “इनकम टैक्स के अधिकारी कंपनी के कार्यालय पहुंचे थे। कंपनी के संबंधित अधिकारी सभी आवश्यक जानकारी प्रदान कर रहे हैं और पूरा सहयोग कर रहे हैं”।
रिपोर्ट के अनुसार, कर विभाग के अधिकारी परेल और वर्ली में कंपनी के कार्यालय पहुंचे और वहां कंपनी के अधिकारियों से सवाल जवाब किए। आयकर विभाग के छह सदस्यों वाली टीम सुबह 11 बजे ज़ी एंटरटेनमेंट कार्यालय पहुंची थी।
विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”हम लार्सन एंड टुब्रो और ज़ी समूह के कार्यालयों में वैरिफिकेशन कर रहे हैं, क्योंकि हमारे पास जानकारी थी कि उन्होंने फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा किया था”। यह मूल रूप से एक वैरिफिकेशन प्रोसेस है और दोनों समूहों पर सीमित कार्रवाई है। हम इन समूहों और इन समूहों से जुड़ी कंपनियों के टैक्स क्रेडिट के दावों की जांच कर रहे हैं।


