उदयपुर,(ARLive news)। सवीना थाना क्षेत्र में रोशनजी की बाड़ी निवासी एक छात्रा ने आज देर शाम घर से नजदीक पांच मंजिला अपार्टमेंट की छत से कूद कर जान दे दी। छात्रा टहलते की कहकर घर से निकली थी, जिसके कुछ देर बाद ही यह घटनाक्रम हुआ। परिजनों का कहना है कि छात्रा एसेंट कोचिंग सेंटर में पढ़ती थी और पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में भी थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सवीना के रोशन जी की बाड़ी निवासी कुमकुम उपाध्याय उम्र 18 वर्षीय पुत्री धनंजय उपाध्याय की पांच मंजिला अर्पण अपार्टमेंट की छत से कूदने से मौत हुई है। कुमकुम घटना से कुछ देर पहले ही टहलने की कहकर घर से निकली थी। अर्पण अपार्टमेंट उसके घर के पास ही है।
वह क्षेत्र में टहलते हुए अर्पण अपार्टमेंट पहुंची, वहां कोई गार्ड नहीं होने से उसे किसी ने नहीं रोका। वह सीढ़ियों से होते हुए अपार्टमेंट की छत पर पहुंच गयी, कुछ ही देर में वह अपार्टमेंट की छत से नीचे कूद गयी। गिरने की आवाज सुनकर लोग वहां इकट्ठे हुए, देखा तो सभी चौंक गए। परिजन भी वहां पहुंचे, पुलिस मौके पर पहुंची, छात्रा को गंभीर हालत में हाॅस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डाॅक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को परिजनों ने बताया कि छात्रा पिछले कुछ समय से अवसाद में थी। 12वीं पास करने के बाद से वह उदयपुर में ही एसेंट कोचिंग सेंटर से कोचिंग कर रही। पुलिस ने अंदेशा जताया है कि छात्रा पढ़ाई के प्रेशर के चलते ही अवसाद में रही होगी।


