कोटा,(ARLive news)। एसीबी ने बारां के पूर्व कलेक्टर और आईएएस इंद्रसिंह राव को गुरुवार को कोटा की डीजे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने इंद्र सिंह राव को एक दिन की एसीबी की रिमांड पर भेजा है। एसीबी ने इंद्रसिंह राव को बुधवार शाम को 1.40 लाख रुपए की रिश्वत मामले में जयपुर से गिरफ्तार किया था।
एसीबी दोपहर साढ़े तीन बजे इंद्र सिंह राव को कोटा की डीजे कोर्ट में लेकर पहुंची। एसीबी ने इंद्रसिंह राव की रिमांड मांगी। इस पर कोर्ट ने राव को एक दिन की रिमांड पर भेज कर शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे दोबारा न्यायालय में पेश करने के लिए ऑर्डर दिए।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीपी शर्मा, इंटेलिजेंस जयपुर ने तर्क दिया कि बारां के पूर्व कलेक्टर इंद्र सिंह राव जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। सवाल पूछने पर जनरल स्टेटमेंट ही दे रहे। जबकि इनकी अर्जित संपत्तियों के संबंध में जांच की जानी है।
आरोपी इंद्र सिंह राव के वकील ने रिमांड का विरोध करते हुए तर्क दिया कि मुख्य आरोपी बारां कलेक्टर के पीए महावीर प्रसाद नागर को ट्रैप किया गया था। उससे पैसे की रिकवरी हो चुकी है। महावीर को न्यायिक अभिरक्षा में भी लिया जा चुका है। कलेक्टर ने न तो परिवादी से रिश्वत राशि मांगी न ही उनसे बरामदगी हुई है। ऐसे में रिमांड नहीं दी जाए। इस पर एसीबी ने किसी गवाह के बयान कोर्ट में दिखाए। तब कोर्ट ने 24 घंटे का रिमांड दिया।


