जयपुर,(ARLive news)। शहर के वीकेआई में मंगलवार दोपहर लापता हुई 7 वर्षीय मासूम बच्ची की लाश उसके ही चाचा के घर में मिलने के बाद मामला और संगीन हो गया। पुलिस को परिस्थितियों को देखते हुए बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की आशंका है। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने बच्ची के चाचा को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार वीकेआई के अखेपुरा निवासी 7 वर्षीय बच्ची मंगलवार दोपहर 12 बजे अचानक लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा काफी देर तक तलाश करने के बाद भी बच्ची का पता नहीं चल सका। बच्ची के पिता ने शाम करीब 5 बजे वीकेआई थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद थानाप्रभारी मौके पर पहुंचे। परिजनों के बयान लिए। आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज चेक किए।
अनुसंधान में सामने आया कि बच्ची अक्सर अपनी दादी के पास खेलने जाया करती थी। पुलिस टीम बच्ची के चाचा के घर पहुंची। जहां एक कमरे में लोहे के ड्रम के नीचे दबा बच्ची का शव मिला। इस पर पुलिस ने चाचा को हिरासत में ले लिया। वह शराब पीने का आदी है। पूछताछ में वह बार बार बयान बदल रहा। एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत के निर्देशन में थानाप्रभारी हीरालाल सैनी केस की जांच कर रहे हैं।


