जयपुर,(ARLive news)। शहर के वीकेआई क्षेत्र में मंगलवार दोपहर लापता हुई 7 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत मामले में उसके चाचा ही गुनहगार निकला। आज हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से दुष्कर्म की बात सामने आई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर जब बच्ची अपनी दादी के पास खेल रही थी। तभी नशे में धुत चाचा की उसे अकेला देखकर नीयत बिगड़ गई। उसने चीज देने के बहाने बच्ची को कमरे में बुलाया। जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद मामला खुलने के डर से उसने बच्ची का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
रात के अंधेरे में शव फेंकने के थे इरादे
आरोपी चाचा ने मासूम की हत्या के बाद शव को लोहे के एक ड्रम के नीचे छिपा दिया। बच्ची के शव को देर रात घर से दूर किसी जगह पर फेंकने के इरादे से अंधेरा होने का इंतजार करने लगा। इस दौरान बच्ची के लापता होने पर मंगलवार रात 8 बजे पुलिस बच्ची की तलाश करते हुए चाचा के घर पहुंच गई। जहां बच्ची का शव बरामद हो गया।
इस पर शक के आधार पर पुलिस ने चाचा को हिरासत में लिया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चाचा को गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत के निर्देशन में थानाप्रभारी हीरालाल सैनी केस की जांच कर रहे हैं।


