जयपुर,(ARLive news)। जयपुर के चंदबाजी थाना क्षेत्र में तालाब मोड़ पर हुए एक बाइक और रोडवेज बस एक्सीडेंट में नवविवाहित दंपत्ति की मौत के मामले में मृतक महिला के पहने हुए जेवर चोरी होने का शर्मनाक कृत्य भी सामने आया है। इसमें आरोपी भी महिला को हाॅस्पिटल पहुंचाने वाली 108 एम्बुलेंस का कम्पाउंडर निकला है।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एम्बुलेंस कम्पाउंडर सद्दाम हुसैन और उसके साथी भीवाड़ी निवासी मोहनलाल गुर्जर को गिरफ्तार किया है। कम्पाउंडर के कब्जे से मृतका के एक्सीडेंट के समय पहने हुए जेवर भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि 14 दिसंबर को चंदबाजी के तालाब मोड़ पर बाइक और रोडवेज की टक्कर हुई थी। बाइक पर नव विवाहित दंपत्ति सवार थे, जिसमें पति की मौके पर ही मौत हो गयी थी, वहीं गंभीर घायल महिला को 108 एम्बुलेंस से हाॅस्पिटल पहुंचाया गया था, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। नव विवाहित होने से महिला काफी मात्रा में जेवर पहने हुए थी।
नव विवाहित दंपत्ति की मौत के बाद परिजनों ने जब शव देखा तो उन्हें महिला के पहने हुए जेवर नहीं मिले। इस पर परिजनों ने पुलिस को रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो पता चला कि महिला के गंभीर घायल होने पर उसे बेहोशी की हालत में 108 एम्बुलेंस से हाॅस्पिटल पहुंचाया गया था। इस एम्बुलेंस के कम्पाउंडर ने ही घटनास्थल से हाॅस्पिटल पहुंचाने के दौरान महिला के शरीर से पहने हुए जेवर उतार कर चोरी कर लिए थे।


