दौसा,(ARLive news)। जिले के बांदीकुई के पास ढिगारिया भीम गांव में अवैध बजरी खनन के दौरान सोमवार सुबह 6 बजे बजरी ढहने से दो लोगों की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भी भीड़ जमा हो गई। वहीं सूचना मिलने पर बांदीकुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार बांदीकुई के पास ढिगारिया भीम गांव में बाबूलाल, रामजीलाल के खेत में अवैध खनन के लिए बात कर रहा था। तभी हरकेश प्रजापत ने वहां पहुंचकर बाबूलाल से खेत में अवैध खनन करने से मना किया। इसी दौरान अचानक बजरी खदान के ढहने से बाबूलाल और हरकेश की दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। जिसमें से बाबूलाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। जबकि हरकेश के परिजनों ने शव को मौके पर रख प्रदर्शन कर 25 लाख मुआवजे की मांग की। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से मामले की पूछताछ कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।


