यूसीसीआई की पर्यटन सबकमेटी की बैठक में हुई चर्चा
उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर चैम्बर ऑफ काॅमर्स एण्ड इण्डस्ट्री की पर्यटन सबकमेटी की आपात बैठक सबकमेटी के चेयरमेन लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की अध्यक्षता में दरबार हाॅल, फतेहप्रकाश, सिटी पैलेस में हुई। बैठक में यूसीसीआई के अध्यक्ष कोमल कोठारी ने बैठक में मुख्यरूप से उदयपुर शहर में शाम 8 बजे से लागू किये जा रहे कर्फ्यू के विषय में चर्चा की।
चर्चा में यह उभरकर सामने आया कि पहले से ही कोरोना की मार झेल रहे पर्यटन उद्योग को आज कर्फ्यू के कारण अपूर्णीय क्षति पहुँच रही है। दिन में प्रतिष्ठानों में लोगों की आवक कम रहती है और शाम 7 बजते ही पुलिस प्रतिष्ठान बंद करवा देती है।
कर्फ्यू से सैलानियों की उदयपुर आने से रूचि नहीं रही
देश-विदेश से आने वाले सैलानियो के लिए यही समय सबसे अधिक उपयुक्त होता है, परन्तु रात्री कर्फ्यू के 8 बजे से लागू होने से सैलानियो की उदयपुर आने में रूचि नहीं रही है और एडवांस बुकिंग लगातार कैन्सिल हो रही है। पुलिस द्वारा शाम को 7 बजे से ही दुकाने, होटल तथा पर्यटन स्थलों को बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है, जिससे होटलों में ठहरने वाले पर्यटक उदयपुर भ्रमण ठीक से नहीं कर पाते है तथा बाजार व खाना-पीना भी बाधित हो रहा हैं। ऐसी स्थिति से उदयपुर में पर्यटकों के आने का औचित्य ही नहीं रह जाता है एवं सामान्य नागरिक भी इससे त्रस्त है।
अध्यक्ष कोमल कोठारी ने बताया कि यूसीसीआई की ओर से सरकार को इस कर्फ्यू को हटाकर धारा 144 लागू रखने का प्रस्ताव भेजा है। उदयपुर के होटल एवं पर्यटन संबंधी व्यवसाय कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु धारा 144 के नियमों की अनुपालना, मास्क की अनिवार्यता एवं सोशल डिस्टेंसिंग जैसे सुरक्षा नियमों की अनुपालना जारी रखे जाने हेतु प्रतिबद्ध हैं। होटल व्यवसाय से जुडे सदस्यों ने बैठक में अपनी समस्याएं रखी।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमन्त जैन, उपाध्यक्ष विजय गोधा, मानद महासचिव डाॅ अंशु कोठारी, वरिष्ठ सदस्य जीएस सिसोदिया, पर्यटन सबकमेटी के सदस्य . ललित लक्ष्मी विलास पेलेस के देवेन्द्र परिहार, ब्लू चिप सर्विसेज की भुमि जोशी, होटल एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष भगवान वैष्णव, होटल फतहप्रकाश के दिलीप नायर, मंगलम आर्ट के आरके रावत, मेवाड पैलेस आर्गेनाईजेशन के महाप्रबन्धक बलबीर सिंह, कुणाल सिंह चावडा आदि सदस्य मौजुद थे। बैठक में महाराणा प्रताप एयरपोर्ट की निदेशक नन्दिता भट्ट भी मौजूद थी।


