जयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में कोरोना की स्वदेशी वैक्सीन को-वैक्सीन का ट्रायल आज शुरू हो गया है। इस वैक्सीन का परीक्षण जयपुर में विद्याधर नगर स्थित महाराज अग्रसेन हॉस्पिटल में किया गया। आज 70 से अधिक वाॅलंटियर्स को को-वैक्सीन की डोज दी गयी है। भारत बायोटेक कंपनी ने 1000 लोगों पर ट्रायल करने के लिए कहा है, ऐसे में और भी वाॅलंटियर्स को दवा दी जाएगी।
भारत बायोटेक कंपनी ने नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ वायरोलॉजी और इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के साथ मिलकर को-वैक्सीन तैयार की है। इस वैक्सीन के दो फेज के ट्रायल हो चुके हैं। इसमें पहले फेज के परिणाम कुछ दिन पहले जारी किए है, जो काफी सकारात्मक रहे हैं। यह तीसरे फेज का ट्रायल है।
28 दिन बाद दी जाएगी दूसरी डोज
क्लीनिकल ट्रायल के प्रिसिंपल इंवेस्टीगेटर डाॅक्टर मनीष जैन ने बताया कि जिन वॉलंटियर्स को डोज दी जा रही हैं, उनकी लगातार टेलीफोन पर मॉनिटरिंग की जाएगी। हालांकि वॉलंटियर्स को पहले बता दिया है कि हल्का बुखार आना या टीके वाली जगह दर्द की थोड़ी शिकायत रह सकती है। लेकिन फिर भी कोई दिक्कत होगी, तो उसके लिए हमारी टीम तैयार है। इस डोज के बाद 28 दिन बाद दूसरी डोज दी जाएगी।


