उदयपुर,(ARLive news)। सायरा थाने में नाबालिग के अपहरण के आरोप में लाए गए एक आरोपी सायरा हाल सादड़ी पाली निवासी लालाराम (45) की आज सुबह अचानक तबियत बिगड़ने से उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी है।
सूचना पर परिजन थाने पर इकट्ठे हो गए और पुलिस कस्टडी में मौत को संदेहास्पद बताया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों की समझाइश की। परिजनों ने मृतक लालाराम के साथ थाने में मौजूद रहे परिचित कालूराम से बात की। कालूराम ने मारपीट का कोई आरोप नहीं लगाया। इसके बाद परिजन शांत हुए।
परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला मर्ग (अप्राकृतिक मृत्यु) सीआरपीसी की धारा 176 में दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया है। मौत कस्टडी में हुई है, इसलिए मामले की जांच एसडीएम को सौंपी गयी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
एक साल पुराना है नाबालिग से अपहरण का मामला
एडि.एसपी अनंत कुमार ने बताया कि गत वर्ष सायरा थाने में एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। इसमें लड़की के पिता ने सायरा के गोदाड़ा निवासी मंशाराम, इसके पिता चेनाराम और चेनाराम के भाई लालाराम को नामजद किया था। पूर्व में भी जांच अधिकारी इनसे पूछताछ कर चुके हैं, लेकिन लड़की अभी तक नहीं मिली है।
जांच अधिकारी बदले, तो जांच में तेजी आयी। नए जांच अधिकारी ने पड़ताल की तो जानकारी मिली कि नामजद आरोपी सादड़ी पाली में खेती का काम करते हैं। जांच अधिकारी सादड़ी गए, वहां लालाराम मिला। लालाराम से पूछताछ की तो उसने लड़की का खेत पर आना, तीन-चार दिन रूकना बताया और कहा कि कालू उसे सादड़ी छोड़कर गया था। इस पर पुलिस ने कालू से बात की तो उसने लड़की को छोड़ना तो बताया, लेकिन अभी लड़की कहां है, इस बात की दोनों जानकारी नहीं दे रहे थे। इस पर पुलिस लालाराम और कालू दोनों को सादड़ी से उदयपुर सायरा थाने मंगलवार देर रात ले आयी। सुबह अचानक लालाराम ने तबियत बिगड़ने की सूचना दी। इस पर पुलिस उसे स्थानीय अस्पताल लेकर गयी। जहां डाॅक्टर्स ने उसे उदयपुर एमबी हाॅस्पिटल के लिए रैफर किया, इसी दौरान उसकी मौत हो गयी।


