पटना,(ARLive news)। बिहार में सरकार नितीश कुमार के नेतृत्व में ही चलेगी। नितीश कुमार आज शाम 4.30 बजे राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। गृह मंत्री अमित शाह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उनके साथ पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी रहेंगे। भाजपा और जदयू खेमे से 11 विधायकों समेत 13 लोग मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
राजद नेता तेजस्वी यादव शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे। तेजस्वी चुनाव नतीजों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए दिल्ली में विशेषज्ञों से सलाह-मशविरा कर रहे हैं। इस वजह से महागठबंधन (राजद, कांग्रेस, वाम दल) भी शपथ ग्रहण समारोह का बायकॉट करेगा। उधर लोजपा को समारोह का न्योता नहीं मिला है। इस वजह से चिराग पासवान और उनकी पार्टी के इकलौते विधायक शपथ ग्रहण में नहीं जाएंगे।


