जोधपुर,(ARLive News)। एसीबी ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय तिलवासनी के प्राचार्य को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के आवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी में 7.18 लाख रुपए की नगदी एवं विभिन्न संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं।
एसीबी महानिदेशक बी एल सोनी ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके अनुसार परिवादी की फर्म टेक्नो विजन डिजिटल सिक्योरिटी के द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय तिलवासनी जोधपुर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। जिसका बिल पास करने की एवज में प्राचार्य धर्मेन्द्र कुमार जैन ने 40 हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग की। प्राचार्य ने रिश्वत राशि दो भागों में 15 हजार एवं 10 हजार रुपए अपने बैंक खाते में आनलाईन जमा करवाने व शेष 15 हजार रुपए नगद मांगी। इसके अलावा गिफ्ट के रूप में 10 हजार रुपए रिश्वत राशि की मांगी।
एसीबी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोधपुर डॉ. दुर्गसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन करवा कर ट्रेप कार्रवाई आयोजित की। इसके बाद एसीबी ने प्राचार्य धर्मेन्द्र कुमार जैन को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। साथ ही आरोपी के घर पर तलाशी में 7.18 लाख रुपए की नगदी एवं विभिन्न संपत्तियों के दस्तावेज मिले।


