उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर संभाग में गत तीन वर्षों में न्यून परिणाम देने वाले 760 शिक्षकों के विरूद्ध कार्यवाही की गई है। उदयपुर संभाग के संयुक्त निदेशक शिवजी गौड़ ने बताया कि हाल ही में संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में प्राप्त निर्देशों के क्रम में संभाग के विद्यालयों में परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने हेतु तथा न्यून परिणाम देने वाले भी शिक्षकों के विरूद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही की गई।
इस संबंध में विगत 3 वर्ष यथा 2016-17, 2017-18 व 2018-19 में न्यून परिणाम देने वाले 411 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्यवाही की गई। जिसमें 290 शिक्षकों को चेतावनी दी गई। इसमें 14 शिक्षकों की परिनिन्दा की गई व 14 शिक्षकों की असंचयी वेतन वृद्धि रोकी गई। वहीं 54 प्रकरण ड्रॉप आउट रहे और शेष अनुपस्थित रहे। वहीं इस वर्ष 2019-20 में भी संभाग में न्यून परीक्षा परिणाम देने वाले 349 शिक्षकों को कारण बताओं जारी किये जा चुके है।


