उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर जिले के कानोड़ के खेताखेड़ा गांव में इकट्ठे हुए ग्रामीण शनिवार सुबह पटरियों पर बैठ गए। ग्रामीण सुबह मावली-बड़ी सादड़ी रेलवे लाइन पर पहुंचे, वहां आक्रोशित होकर रेल की पटरियां ही उखाड़ दी।
प्रदर्शन करते ग्रामीणों ने बताया कि गांव में रेलवे का मावली-बड़ी सादड़ी ब्राॅड गेज का कार्य चल रहा है। रेलवे ने जो अंडरपास बनाना था। लेकिन अंडरपास बना नहीं, इससे पहले ही रेलवे ने पटरियां बिछा दी। इससे आने-जाने का बंद हो गया है। ग्रामीण पिछले काफी समय से पुलिया बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। आने-जाने का रास्ता बंद होने से ग्रामीण परेशान हैं।
सूचना पर पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर और डीएसपी, थानाधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की समस्या सुनकर रणधीर सिंह भींडर ने रेलवे एक्सईन को फोन कर ग्रामीणों की समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने के लिए कहा और इधर ग्रामीणों को भी आश्वासन देकर समझाइश की। मौके पर रेलवे के इंजीनियर भी पहुंचे गए। पुलिस और जनप्रतिनिधियों की काफी समझाइश के बाद ग्रामीण रेलवे ट्रेक से हटे।
अभी तक अपनी-अपनी मांगों को लेकर पटरियों पर डेरा डालना और पटरियां उखाड़ कर विरोध प्रदर्शन गुर्जर आंदोलन में ही देखने को मिला था। उदयपुर में ऐसा पहली बार हुआ जब ग्रामीण विरोध जताने के लिए रेल की पटरियों पर बैठ गए हों और पटरियां ही उखाड़ दी हों।


