जयपुर,(ARLive news)। नेशनल मेडीकल कमीशन द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार राजस्थान में इस साल एमबीबीएस की 230 सीटों की बढ़ोतरी हुई है। इसमें उदयपुर आरएनटी मेडिकल काॅलेज और अजमेर में 50-50 और बाड़मेर के मेडिकल काॅलेज में 30 सीटों की बढ़ोतरी हुई है। सीकर मेडीकल काॅलेज सत्र 2020-21 100 सीटों के साथ शुरू हो सकेगा।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. रघु शर्मा ने बताया कि नेशनल मेडीकल कमीशन द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार सीकर के श्रीकल्याण राजकीय मेडीकल काॅलेज को सत्र 2020-21 में प्रारम्भ किया जायेगा। इस काॅलेज में एमबीबीएस की कुल 100 सीटें स्वीकृत की गई है। इसके अलावा अजमेर व उदयपुर में एमबीबीएस की 50-50 तथा बाड़मेर में 30 सीटों की वृद्धि हुई है। उन्होंने सीटों की बढ़ोतरी पर खुशी जाहिर की।
इन स्वीकृतियों से प्रदेश में एमबीबीएस की कुल सीटों में 230 सीटों की वृद्धि हुई है। गत वर्ष कुल 650 सीटों की वृद्धि हुई थी। इस प्रकार गत दो वर्षों में प्रदेश में एमबीबीएस की 880 सीटों की वृद्धि हुई है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के शासन सचिव वैभव गेलरिया ने बताया की वर्ष 2018 में प्रदेश में एमबीबीएस की कुल 1950 सीटें थी, जो बढकर अब 2830 हो गई है।


