जोधपुर,(ARLive news)। शहर के एम्स हॉस्पिटल के कोविड वार्ड में सोमवार को एक कोरोना संक्रमित मरीज की बाथरूम के अंदर ही मौत हो गई। करीब दो घंटे बाद मरीज के अपने बिस्तर पर ना मिलने पर उसकी तलाश की गई तो बाथरूम के अंदर से उसका शव मिला।
जानकारी के अनुसार जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में कार्यरत कुड़ी निवासी 55 वर्षीय मरीज को दो दिन पूर्व एम्स हॉस्पिटल के कोविड वार्ड में भर्ती करवाया गया था। सोमवार सुबह जब मरीज को बिस्तर पर नहीं दिखा तो डॉक्टर ने उसके परिजनों को सूचना दी कि मरीज अस्पताल से गायब है। इस पर परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर अस्पताल प्रशासन से वहां लगे सीसीटी फुटेज देखने का आग्रह किया। फुटेज में मरीज बाथरूम की तरफ जाते हुए नजर आया। इस पर बाथरूम में जाकर देखा गया तो वहां उसका शव पड़ा हुआ था।
परिजनों ने एम्स परिसर में डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। और शव लेने से इनकार कर दिया। काफी देर तक समझाइश के बाद परिजन शव ले जाने को तैयार हो गए।


