उदयपुर,(ARLive news)। जिले के कानोड़ थाना क्षेत्र के कस्बे में सोमवार रात करीब ढाई बजे 4 बदमाशों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग को बंधक बनाया और घर के लाॅकर्स में रखे 2 करोड़ से अधिक के सोने-चांदी के गहने और 16 लाख रूपए नगद लूट ले गए। बुजुर्ग क्षेत्र में ब्याज का धंधा करता है और ऋण लेने वालों से बतौर सिक्योरिटी सोने-चांदी के जेवर गिरवी लेता है, ऐसे में घर में बड़ी मात्रा में जेवर और नकदी थे।
बुजुर्ग ने एफआईआर में 1.400 किलो सोना, 125 किलो चांदी और 16 लाख रूपए कैश लूट होने की जानकारी दी है। सोने-चांदी की अनुमानित कीमत के अनुसार पुलिस करीब सवा करोड़ डेढ़ करोड़ सोने-चांदी के जेवर और नकदी की लूट का अंदाजा लगा रही है।
इधर डबोक थाना क्षेत्र में भी बदमाशों ने हाईवे स्थित एसबीआई बैंक और एटीम में चोरी का प्रयास किया। रात को बदमाशों ने बैंक और एटीएम के सभी सीसीटीवी कैमरे और और सिस्टम तोड़ दिए। हालां कि बदमाश नकदी तक नहीं पहुंच पाए और चोरी होने से बच गयी।
कानोड़ में हुई इतनी बड़ी लूट की सूचना पर सुबह एडिएसपी मुकेश सांखला, डीएसपी और थानाधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। डाॅग स्क्वाॅयड की टीम भी मौके पर बुलायी गई। एफएसएल टीम ने सैंपल लिए।
घर में अकेले रहते हैं बुजुर्ग
कानोड़ के सामुदायिक केन्द्र के पास निवासी 82 वर्षीय सोहन कोठारी घर पर अकेले ही रहते हैं। 5 माह पूर्व पत्नी का निधन हो चुका है। इनका एक बेटा है, जो हिंदुस्तान जिंक से सेवानिवृत हुए हैं। सोहन घर पर अकेले रहते हैं। सोमवार रात वे सो रहे थे, तभी 4 बदमाश घर के पीछे के गेट से अंदर घुस आए। बदमाशों ने बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस कर कपड़ा बांध दिया, ताकि शोर न मचा सके। प्रोपर सांस नहीं आने से सोहन कोठारी बेसुध हो गए और उनके मुंह से खून भी निकलने लगा। बदमाशों ने करीब डेढ़ से दो घंटे तक जमकर घर में लूटपाट की। दो कमरों के दरवाजे तोड़ दिए। सभी अलमारियों के लाॅकर तोड़ उसमें रखे सोने-चांदी के सभी जेवर और नकदी लूट ले गए।
बुजुर्ग सोहन कोठारी ने बताया कि घर में 16 लाख रूपए कैश और किलो में सोने-चांदी के जेवर रखे थे, जिनकी कीमत 2 करोड़ से अधिक होगी। बदमाश सभी जेवर-नकदी लूट ले गए हैं।
मरा हुआ समझ कर छोड़ गए : बुजुर्ग
बुजुर्ग ने बताया कि वे बेसुध हो गए थे और मुंह में खून भी आ गया था। बदमाश उन्हें मरा हुआ समझ कर छोड़ गए। कुछ देर बाद उन्हें जब होश आया तो उन्होंने बमुष्किल खुद को संभाला और पूरी हिम्मत बटोर कर शोर मचाया। पड़ोस में रहने वाली महिला ने उनकी आवाज सुनी तो वह मदद के लिए घर में आयी।


