जयपुर,(ARLive news)। रेलवे ने करीब छह महीने बाद शनिवार से दिल्ली सराय रोहिल्ला से जयपुर के बीच संचालित होने वाली डबल डेकर एसी स्पेशल ट्रेन चलाने का लिया है। साथ ही शनिवार से रिजर्वेशन सिस्टम में भी बड़ा बदलाव किया जा रहा है। इसके तहत यात्री ट्रेन रवाना होने से आधे घंटे पहले तक ऑफलाइन और ऑनलाइन रिजर्वेशन करवा सकेंगे।
जानकारी के अनुसार रेलवे ने दिवाली से पहले देशभर में 200 पैसेंजर ट्रेन चलाने का निर्णय किया है, जिसमें से करीब 40 ट्रेनों को स्वीकृति दे दी गई है। वहीं उत्तर पश्चिम रेलवे को भी दो ट्रेनों की मंजूरी मिली है जिसमें सबसे महत्वपूर्ण दिल्ली सराय रोहिल्ला से जयपुर के बीच संचालित होने वाली डबल डेकर एसी स्पेशल ट्रेन है। करीब छह महीने बाद शनिवार से इस ट्रेन का संचालन फिर शुरू होगा। इस ट्रेन में भी रेलवे स्पेशल किराया वसूल करेगा जो तत्काल किराए के लगभग बराबर होगा।
वहीं रेलवे द्वारा शनिवार से रिजर्वेशन सिस्टम में भी बड़ा बदलाव किया जा रहा है। कोरोना के चलते करंट रिजर्वेशन की समय सीमा को 30 मिनट से बढ़ाकर चार घंटे कर दिया था। लेकिन अब यात्रियों को आधे घंटे पहले तक भी ट्रेन का ऑफलाइन और ऑनलाइन टिकट उपलब्ध होगा। यह सुविधा यात्रियों को शनिवार से डबल डेकर ट्रेन में भी मिलेगी।


