उदयपुर में बढ़ती चाकू दिखाकर लूट की घटनाएं, कई तो दर्ज ही नहीं होती
उदयपुर,(ARLive news)। हाथीपोल थाना क्षेत्र के सहेली मार्ग स्थित एक्सिस बैंक के बाहर सोमवार सुबह 10 लाख रूपयों से भरे बैग को लूटने के लिए बदमाशों ने युवक सेल्समैन को चाकू कर दिया। सेल्समैन की हिम्मत से बदमाश 10 लाख रूपए तो नहीं लूट पाए, लेकिन सेल्समैन की देर शाम पहले मौत हो गयी। पुलिस हत्या और लूट के प्रयास में आरोपी बदमाशों की तलाश में जुटी है।
उदयपुर में दिनदहाड़े चाकू दिखाकर लूट की वारदातें लगातार बढ़ रही है। पहले तो तो बदमाश वारदात के लिए सुनसान या कम भीड़भाड़ वाली जगह पर ही वारदात को अंजाम देते थे, लेकिन अब बदमाषों के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं कि सहेली मार्ग जैसे व्यस्ततम मार्ग पर भी लूट करने और लूट के लिए चाकू मारकर हत्या करने से भी खौफ नहीं खा रहे हैं। कई वारदाते तो थानों में दर्ज तक नहीं हो पाती हैं। ऐसे में बदमाशों ने भी इस तरीेके को लूट का आसान तरीका बना लिया है। चाकू दिखाकर डराओ और लूट लो। चाकू से नहीं डरे तो चाकू मार दो, ताकि इसे देखकर आमजन में डर पैदा हो जाए।
गौरतलब है कि आज सोमवार सुबह अंबामाता निवासी अमित सांखला कंपनी के 10 लाख रूपए बैंक में जमा करवाने गया था। यहां वह बैक के बाहर पहुंचा ही था कि बाइक पर आए बदमाषों ने उसे चाकू मारकर रूपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। खून में लथपथ अमित बैग लेकर बैंक के अंदर भागा। उसने रूपए लुटने से तो बचा लिए। बैंक से उसे अस्पताल भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने देर शाम दम तोड़ दिया।


