जयपुर (ARLive news)। राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान ने पंच और सरपंच पद के 3848 पदों पर आम चुनावों की घोषणा कर दी है। चुनाव कुल चार चरणों में पूरे किये जायेंगे, जिसमें पहले चरण की मतदान प्रकिया 28 सितंबर को, दूसरे, तीसरे और चौथे चरण की मतदान प्रकिया क्रमशः 3 अक्टूबर, 6 अक्टूबर और 10 अक्टूबर को होगी। चुनावों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आचार सहिंता लागू कर दी गई है।
चुनाव आयुक्त पीएस महरा ने बताया कि ग्राम पंचायतों चुनाव के पहले चरण में 26 जिलों की 1003 सरपंचों व 9355 वार्ड पंचों , दूसरे चरण में 1028 सरपंचों व 9662 वार्ड पंचों, तीसरे चरण में 943 सरपंचों व 8661 वार्ड पंचों और चौथे चरण में 874 सरपंचों व 8290 वार्ड पंचों चुनाव होगा। 3848 ग्राम पंचायतों की 10 जून को अंतिम प्रकाशित निर्वाचक में 1 करोड़ 28 लाख 23 हजार 785 मतदाता पंजीकृत हैं। हालाँकि मतदाताओं की संख्या में कुछ वृद्धि हो सकती है।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए आयोग द्वारा प्रत्येक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1100 से घटाकर 900 कर दी गई है। इसके साथ ही पूर्व में गठित 14575 मतदान केंद्रों की संख्या में 20 से 25 फीसदी वृद्धि संभावित है। मतदान के समय में एक घंटा की वृद्धि करते हुए सुबह 7.30 से शाम 5.30 बजे तक रखा गया है। जिससे मतदाता सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करते हुए मतदान कर सकें।


