उदयपुर,(ARLive news)। कुम्भलगढ़ में आयुर्वेद विभाग का मेडिट्यूरिज्म सेन्टर बनाया जायेगा। आयुर्वेद मंत्री डॉ. रघु शर्मा के निर्देशानुसार सेंटर की स्थापना के लिए आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा विभाग की शासन सचिव डॉ. वीना प्रधान ने मंगलवार को कुम्भलगढ़ में चयनित स्थान का निरीक्षण किया।
आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा विभाग के विशेषाधिकारी डॉ. मनोहर पारीक ने बताया कि इस मेडिट्यूरिज्म सेन्टर में आयुर्वेद की बहिरंग व अतंरंग चिकित्सा, विशेषज्ञ चिकित्सा यथा पंचकर्म, क्षारसूत्र आदि, यूनानी व होम्योपैथी चिकित्सा की ओपीडी योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा द्वारा वेलनेस सेन्टर का संचालन, हर्बल गार्डन आदि की सेवाएं दी जायेगी।
इस अवसर पर शासन सचिव डॉ. वीना प्रधान ने कुम्भलगढ़ उपखण्ड अधिकारी परसराम सैनी, आयुर्वेद विभाग उदयपुर के अतिरिक्त निदेशक डॉ. हीरालाल पानेरी, आयुर्वेद विभाग राजसमन्द के उपनिदेशक डॉ. वीरेन्द्र महात्मा को भूमि के आवंटन के संबंध में शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किये।
औषधालयों-चिकित्सालयों का किया निरीक्षण
डॉ. प्रधान ने राजसमन्द जिले के कुम्भलगढ़, वरदडा, मोरचा, उसरवास, कोशिवाडा, नाथद्वारा, देलवाड़ा औषधालयों-चिकित्सालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने वक्त निरीक्षण उपस्थित अतिरिक्त निदेशक, उदयपुर एवं उपनिदेशक राजसमन्द को औषधालय संचालन के संबंध में औषधालय सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश प्रदान किये।
नाथद्वारा चिकित्सालय में पंचकर्म, क्षारसुत्र चिकित्सा को शीघ्र प्रारम्भ किये जाने के निर्देश भी प्रदान किये। देलवाडा स्थित औषधालय हेतु तुरन्त चिकित्सक को कार्यव्यवस्थार्थ हेतु लगाने के आदेश जारी किये गये। डॉ. प्रधान द्वारा कैलाशपुरी औषधालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया गया और उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग, उदयपुर डॉ. जनेन्द्र पाठक को औषधालय संचालन में आ रही कमियों के संबंध में तुरन्त सुधार हेतु निर्देश दिया।


