उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर जिले के बावलवाड़ा थाने के एक पुलिस जवान का नशे में धुत होकर रात्री गश्त ड्यूटी करने और लोगों से उलझने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में जवान पहले तो वर्दी में होता है, बाद में वह अपनी वर्दी भी उतार देता है।
वीडियो बनाने वाला बार-बार जवान से पूछते हुए इस बात को दोहरा रहा है कि जवान राहगीरों को जबरन रोककर उनसे शराब के लिए पैसे क्यों मांग रहा है। हालां कि वीडियो में जवान पैसे मांगता हुआ तो नहीं दिख रहा है। इसके अलावा वीडियो बनाने वाले ने जवान का नाम और थाने का नाम भी कई बार लिया है। जिसमें जवान ने खुद भी उसका नाम रमेश जबला और बावलवाड़ा थाने में ड्राइवर होने पर होने पर हां भरी है।
पुलिस पर दबाव बनाने के लिए वायरल किया है वीडियो : थानेदार
इधर वीडियो वायरल होने के बाद सुबह थाने के ड्राइवर कांस्टेबल रमेश जबला ने कुछ लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। वीडियो वायरल होने के बाद जांच के लिए डीएसपी भी मौके पर पहुंचे हैं।
बावलवाड़ा थानेदार अमराराम ने बताया कि रात को कांस्टेबल (ड्राइवर) के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। जिस पर थाने के पुलिस कर्मी रमेश जबला ने उन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। अब पुलिस को गलत साबित करने और दबाव में लाने के लिए वे लोग वीडियो वायरल कर रहे हैं। जांच के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।


