अजमेर (ARLive News)। अजमेर रेल मंडल से मंगलवार सुबह 5.40 बजे पहली इलेक्ट्रिक ट्रेन जनशताब्दी एक्सप्रेस दिल्ली सराय रोहिल्ला के लिए रवाना हुई। रेलवे बोर्ड ने कुछ दिनों पूर्व ही इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाने के लिए अनुमति दी थी। इस इलेक्ट्रिक ट्रेन को चलाने से रेलवे को बहुत फायदा होगा।
बता दें कि अजमेर रेल मंडल के अधिकारियों ने ट्रेन 02066 के ड्राइवर और गार्ड को माला पहनाकर पहली इलेक्ट्रिक ट्रेन को मंगलवार सुबह 5.40 बजे रवाना किया। पहले यह ट्रेन डीजल इंजन से चलती थी और पहले इस ट्रेन का नाम दूरंतो एक्सप्रेस था लेकिन बाद में इसका नाम जनशताब्दी एक्सप्रेस दिया गया। ट्रेन के रुट प्लान में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है। यह अजमेर से सुबह 5.40 बजे रवाना होकर किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनोल, रेवाड़ी, गुड़गांव, देहली कैंट होते हुए 11.35 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।
अजमेर डीआरएम नवीन कुमार परसुराम ने कहा कि समय के साथ नई तकनीकों का उपयोग होता है। अजमेर रेल मंडल में अब इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन चलेगी। पहली ट्रेन अजमेर से दिल्ली तक चलने वाली जन शताब्दी एक्सप्रेस है। आगे अन्य ट्रेनें भी इलेक्ट्रिक इंजन से चलेंगी।
गौरतलब है कि इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाने से रेलवे को बहुत फायदा होगा। 24 डिब्बों की एक पैसेंजर ट्रेन को इंजन से चलाने में 480 रुपए प्रति किमी खर्च होता है। जबकि इलेक्ट्रिक इंजन में यह खर्च मात्र 250 रुपए प्रति किमी होगा, इस हिसाब से रेलवे का 230 रुपए प्रति किमी का खर्च बचेगा। साथ ही इलेक्ट्रिक ट्रेन से सफर में समय भी काम लगेगा, यात्रियों का करीब आधा घण्टे का समय बचाएगा, लेकिन किराए और कोच की स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं होगा।


