जयपुर (ARLive news)। जयपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर रात दो अलग अलग चार्टर विमानों से करीब 15.67 करोड़ रुपए की कीमत के करीब 31.99 किलो सोने की तस्करी करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों चार्टर विमान यूएई और सउदी अरब से भारत आये थे। ये सभी तस्कर सोने के बिस्किट इमरजेंसी लाइट की बैटरी में भरकर लाए थे।
कस्टम विभाग के कमिश्नर सुभाष अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार देर रात तक कुल 2 चार्टर विमान सहित 6 इवेक्युएशन विमान जयपुर पहुंची थीं। इनमें से चार्टर विमान में कुल 14 लोग सोने की तस्करी करते पाए गए। लॉकडाउन के कारण फिलहाल विमानों के संचालन पर रोक है, इसलिए ये लोग विशेष अनुमति से चार्टर विमान से आये थे।
उन्होंने बताया कि पहली चार्टर विमान स्पाइसजेट की एजी-9055 देर शाम दुबई से जयपुर पहुंची थी। शक होने पर जाँच की तो विमान में तीन तस्करों से करीब 4.60 करोड़ रुपए की कीमत का 9.30 किलो सोना बरामद किया गया। जो इमरजेंसी लाइट की बैटरी में भरकर लाए थे। इसके बाद देर रात दूसरी चार्टर विमान स्पाइसजेट की विमान एसजी-9647 रियाद से जयपुर पहुंची। इसकी भी तलाशी लेने पर 11 यात्रियों से 11.3 करोड़ रुपए की कीमत का 22.652 किलो सोना पकड़ा किया गया।


