उदयपुर,(ARLive news)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को जिले के सायरा थाने में हेडकांस्टेबल शायर अली को 3500 रूपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। हेडकांस्टेबल शायर अली यह राशि परिवादी के खिलाफ दर्ज मारपीट के एफआईआर में अन्य साथियों के नाम हटाने एवज में ले रहा था और 500 रूपए गुरूवार को ले लिए थे।
एसीबी एडिएसपी सुधीर जोशी ने बताया कि परिवादी पुनावली निवासी पुनावली निवासी नरपत सिंह और भगवत सिंह सहित इनके अन्य के खिलाफ मारपीट का एक मामला सायरा थाने में दर्ज हुआ था। इस मामले की जांच हेडकांस्टेबल शायर अली कर रहे थे। मामले से परिवादी के अन्य साथियों के नाम हटाने की एवज में शायर अली ने परिवादी से 4000 रूपए रिश्वत मांगी।
परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी कार्यालय पर की। एसीबी ने परिवादी की शिकायत का गुरूवार को सत्यापन करवाया, तब शायर अली के रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई, साथ ही उसने परिवादी से उसी समय 500 रूपए ले लिए।
इस पर आज शुक्रवार को निरीक्षक सोनू शेखावत के नेतृत्व में टीम सायरा गयी। वहां हेडकांस्टेबल ने परिवादी को थाने पर ही बुला लिया। थाने पर जैसे ही हेडकांस्टेबल शायर अली ने परिवादी से रिश्वत राशि ली, एसीबी टीम ने हेडकांस्टेबल को रंगे हांथों गिरफ्तार कर लिया।
15 दिन पहले ही थाने में लगा था हेडकांस्टेबल
प्राप्त जानकारी के अनुसार हेडकांस्टेबल की सायरा थाने में 15 दिन पहले ही पोस्टिंग हुई थी। संभव है थाने में जांच का यह उसका पहला ही मामला था।
ट्रेप करने वाली टीम : कार्यवाही एसीबी निरीक्षक सोनू शेखावत, निरीक्षक नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में हेडकांस्टेबल रमेश, लाल सिंह, दलपत सिंह, भरत सिंह और टीका राम ने की है।


