जयपुर में बरामद 1432 मिसिंग मोबाइल में ज्यादातर उनसे बरामद हुए जिन्होंने सैकंड हैंड मोबाइल खरीदा था
उदयपुर/जयपुर,(ARLive news)। आए दिन मोबाइल बदलने और सैकंड हैंड मोबाइल खरीदकर नए-नए मोबाइल रखने के शौकीन लोगों को सावधान हो जाना चाहिए.., क्यों कि वे मार्केट से अच्छी कंडीशन का, ब्रांड न्यू जैसा दिखने वाला जो सैकंड हैंड मोबाइल खरीद रहे हैं, तो वह किसी का गुम हुआ या चोरी-लूट में गया मोबाइल भी हो सकता है। क्यों कि ऐसा बड़े स्तर पर हो रहा है और इससे आप जाने-अनजाने पुलिस केस में भी फंस सकते हो।
जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने 3 महीने की मेहनत में तीन साल में गुम हुए 1432 मिसिंग मोबाइल (स्मार्ट फोन) बरामद किए हैं, इन मोबाइल की बाजार कीमत 10 हजार से 80 हजार प्रति मोबाइल तक है। यहां गौर करने वाली बात यह है कि इन बरामद मोबाइल में अधिकतर उन लोगों के पास मिले जिन्होंने मार्केट में सैकंड हैंड मोबाइल बचने वाली किसी दुकान से यह मोबाइल अच्छा-खासा पैसा देकर सैकंड हैंड में खरीदा था। कुछ खरीददारों को तो दुकान संचालक ने फर्जी बिल तक बना कर दिया था। अब उन लोगों का सैकंड हैंड खरीदा हुआ मोबाइल तो गया ही, साथ ही उन्हें अब पुलिस की पूछताछ से गुजरना पड़ रहा है, कि उन्होंने मोबाइल कब, किससे और कितने में खरीदा और बिल मिला तो वह कहां है।
सैकंड हैंड मोबाइल भी प्रोपर दुकान से बिल के साथ ही लें
उदयपुर में आईजी रह चुके वर्तमान जयपुर पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि जिन लोगों से मोबाइल बरामद हुए हैं, उनमें से अधिकतर लोग भी फ्रॉड का शिकार हुए हैं। अक्सर लोग थोड़े-बहुत पैसे बचाने के लालच में ग्रे मार्केट से बिना बिल का मोबाइल ले लेते हैं। बाद में जब वह मोबाइल पुलिस ट्रेसिंग पर डाला जाता है, तो सैकंड हैंड मोबाइल खरीदने वाला पकड़ा जाता है, क्यों कि मोबाइल उससे बरामद हुआ होता है। ऐसे में अगर कोई सैकंड हैंड मोबाइल खरीद रहा है, तो वह प्रोपर दुकान से खरीदे और प्रोपर बिल भी ले, इससे दुकान संचालक की जिम्मेदारी उस सामान को लेकर तय हो जाती है।
होंगी कई गिरफ्तारियां
पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि बरामद हुए 1432 मोबाइल में अधिकतर ग्रे मार्केट के जरिए आगे तीसरे व्यक्ति को बेचे गए थे। ऐसे में चोरी, लूट या गुम हुए स्मार्ट फोन को ग्रे मार्केट में सैकंड हैंड फोन बताकर बेचने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। ग्रे मार्केट में कुछ दुकानदार फर्जी बिल तक बनाकर लोगों को झांसा देकर सस्ते में स्मार्ट फोन बेच रहे हैं। इस केस में ऐसे कई लोगों की गिरफ्तारियां होंगी। लोग भी सावधान रहें, अच्छी कंडीशन में महंगा मोबाइल बहुत सस्ते में मिलने के लालच में नहीं आएं। तो ध्यान रखें कि वह चोरी, लूट का भी हो सकता है।

