जयपुर (ARLive news)। जयपुर कमिश्नरेट (आयुक्तालय) ने गत तीन साल में गुम हुए 1432 स्मार्टफोन बरामद कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। साथ ही मोबाइल मालिकों को कमिश्नरेट बुलाकर उन्हें मोबाइल लौटाए गए हैं। बरामद किए गए स्मार्ट फोन की कीमत करीब 2 करोड़ रूपए आंकी जा रही है।
पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेस किये गए मोबाईल जिलावाइज बरामदगी कि कार्यवाही जारी रहेगी। मिसिंग मोबाइल कि रिकवरी व फील्ड इनपुट के आधार पर जयपुर शहर में कुछ ऐसे लोग सक्रीय हैं, जो चोरी हुए मोबाइल को खरीद कर नए बिल से बेचते हैं। पुलिस जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
अभियान चलाकर लॉकडाउन के समय का किया सदुपयोग

लॉकडाउन में जब स्पेशल टीम के पास ज्यादा कोई टास्क नहीं बचे थे, तो पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने लोगों के गुम हुए मोबाइल को तलाशने का नया टास्क दिया और “अपना मोबाइल अपने हाथ, जयपुर कमिश्नरेट के साथ ” अभियान शुरू कर टीमों का गठन किया। 3 माह से जयपुर कमिश्नरेट की सीएसटी टीम और डीएसटी टीम ने तकनीकी साधनों से मोबाइल ट्रेसिंग पर काम किया और अब तक की स्मार्ट फोन की सबसे बड़ी रिकवरी की कार्यवाही की है।
पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि मोबाइल गुमशुदगी के मामलों में “अपना मोबाइल अपने हाथ, जयपुर कमिश्नरेट के साथ ” अभियान के तहत गुमशुदा मोबाइल बरामद करने में महत्त्वपूर्ण सफलता हासिल की है। कमिश्नरेट परिसर में बरामद किये गए 1432 मोबाइल्स में से कुछ मोबाईल उनके मालिकों को सौंप दिए गए हैं। शेष मोबाईल जल्द ही मोबाईल धारकों को सुपुर्द कर दिए जायेंगे।
इसके लिए सीएसटी आयुक्तालय जयपुर से अति पुलिस उपायुक्त विमल सिंह के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक लखन खटाणा, सुरेंद्र यादव, उप निरीक्षक महेंद्र सिंह एवं साऊथ निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में तीन अलग अलग स्पेशल टीमों का गठन किया गया।
बरामद किये गए मोबाईल अधिकतर मंहगे स्मार्टफोन
पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि बरामद किये गए मोबाईल अधिकतर मंहगे स्मार्टफोन हैं ,जिनकी कीमत लगभग 10,000 से 80,000 रुपये तक की है। बरामद किये गए सभी 1432 मोबाइल्स कि कीमत करीब 2 करोड़ से अधिक है। बरामद मोबाइल में से 435 मोबाइल जिला उत्तर, 339 मोबाइल जिला दक्षिण, 339 मोबाइल जिला पश्चिम के बरामद हुए हैं।

