जयपुर,(ARLive news)। केन्द्र सरकार के जारी दिशा-निर्देशों के बाद आज राजस्थान ने भी होटल्स, रेस्टोरेंट, क्लब और शॉपिंग मॉल्स को 8 जून से खोलने की सशर्त अनुमति दे दी है। इस संबंध में एसीएस होम राजीव स्वरूप ने आदेश जारी किया है। इसके अनुसार 8 जून से होटल एवं अन्य अतिथि सेवाएं, रेस्टोरेंट एवं क्लब और शॉपिंग मॉल्स खुल सकेंगे। हालां कि इनके संचालन के साथ शर्तें लागू रहेंगी।
व्यायाम शाला और जिम संचालक को भी जिम संबंधित आदेशों का इंतजार था, लेकिन इस आदेश में जिम या व्यायाम शालाओं के खुलने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।
2 टेबल में 6 से 8 फीट की होगी दूरी
रेस्टोरेंट एवं क्लब में जहां बैठने की व्यवस्था है, वहां दो टेबल के बीच 6 फीट की दूरी अनिवार्य होगी। वहीं फास्ट-फूड सेंटर जहां स्टेंडिंग टेबल है, वहां दो टेबल के बीच 8 फीट की दूरी रखनी होगी और एक टेबल पर 2 से अधिक व्यक्ति खड़े नहीं रह सकेंगे। शॉपिंग मॉल्स और होटल्स को केन्द्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करनी होगी।


