उदयपुर,(ARLive news)। आमजनमानस में एक कहावत बहुत प्रसिद्ध है कि शक्करखोरे को शक्कर मिल ही जाती है। एक ऐसा ही नज़ारा उदयपुर के समीप एक कस्बे में दिखाई दिया जहां पर एक परपल सनबर्ड यानि शक्करखोरा पक्षी ने शक्कर (फूलों के मकरंद) की तलाश में आमरस का ही आनंद उठाया। वाकये अनुसार परपल सनबर्ड का जोड़ा एक घर के बाहर बने छोटे बगीचे में प्रतिदिन फूलों का मकरंद पीने आता था।
आज जब फूलों से इस पक्षी को मकरंद नहीं मिला तो यहीं अहाते में आमरस के पापड़ बनाने वाली थाली पर पहुंच गया और काफी देर तक अपनी टेड़ी चोंच के भीतर स्ट्रा की भांति जीभ से जमकर आमरस पीया।
पक्षी विशेषज्ञ विनय दवे बताते हैं कि आमतौर पर फूलों से मकरंद चूसती परपल सनबर्ड का आमरस को चाव से पीने का आश्चर्यजनकर व्यवहार शोध का विषय है। वैसे परिंदें कभी—कभार कौतुहलवश भी ऐसा व्यवहार करते हैं। कुछ लोग तो शक्करखोरा नाम के कारण कटोरी में शक्कर का पानी रखकर भी इस पक्षी को आकर्षित करते हैं।
फूलों से मकरंद चूसती है इसलिए नाम पड़ा फूलचुंकी
पक्षी विशेषज्ञ विनय दवे बताते हैं कि घरों के आस-पास फूलों पर मंडराती गहरे रंगों की चमकीली चिड़िया को हिन्दी में शक्करखोरा और फुलचुकी, अंग्रेजी में परपल सनबर्ड कहते हैं। इसका वैज्ञानिक नाम नैक्टरीनिया ऐशियाटिका है। यह फूलों का पराग मिश्रित मधु चूसती है, यानी नैक्टर। नर और मादा परपल सनबर्ड आकार में तो एक से होते हैं पर रंगों में भिन्न होते हैं। नर चमकीला गहरा नीला-जामुनी रंग का होता है जो कि दूर से देखने पर चमकीला काला सा ही दिखाई देता है जबकि मादा जैतूनी भूरे रंग की होती है।
पतली तीखी हल्की सी गोलाई में मुडी चोंच
पक्षीप्रेमी और उदयपुर जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा के अनुसार इसका भोजन खासतौर पर तो फूलों का पराग मिश्रित मधु ही है। इसकी पतली तीखी हल्की सी गोलाई में मुडी चोंच स्ट्रॉ पाइप का काम करती है। जिससे यह बड़ी आसानी और चाव से फूलों का पराग चूसती है। इसकी ट्यूब जैसी जबान भी फूल चूसने के लिये बनी है। यह अपनी चोंच फूलों के अन्दर डाल कर मधु चूस लेती है। यह आमतौर पर विच-विच की आवाज निकालती है।
जब नर परपल सनबर्ड मादा को आकर्षित करने के लिये गाता है तो अपने पंख को हल्का सा उठा कर कंधों के पंखों के नीचे छिपे सुर्ख पीले और लाल रंग के रेशमी पंख दिखाता है और वह बडी मधुर सी च्वीऽट ऽ ट्वीऽट की ध्वनि निकालता है। प्रसिद्ध पक्षी विज्ञानी सालिम अली की दृष्टि से परपल सनबर्ड दुनिया की सुंदरतम चिड़ियाओं में शामिल है।

