जयपुर,(ARLive news)। चर्चित खान महाघूस कांड के आरोपी सेवानिवृत हो चुके आईएएस अशोक सिंघवी ने सोमवार को मनी लॉड्रिंग मामलात के स्पेशल कोर्ट में सरेंडर किया है। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। अशोक सिंघवी की ओर से उनकी वकील ने जमानत की याचिका भी लगायी है, जिस पर कल सुनवाई होगी। गत वर्ष आईएएस अशोक सिंघवी सेवानिवृत हो गए हैं।
खान आवंटन में देश और राज्य के सबसे बड़े घूसकांड ढाई करोड़ की रिश्वत मामले में गिरफ्तार हो चुके पूर्व आईएएस पर ईडी ने भी 30 नवंबर 2015 को मनी लॉड्रिंग का केस दर्ज किया था। इस संबंध में ईडी ने कोर्ट में परिवाद भी पेश किया था।
इसके बाद कोर्ट ने जनवरी 2019 में इनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसके बाद से अशोक सिंघ्ज्ञवी फरार चल रहे थे और हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में शरण लेकर अग्रिम जमानत के प्रयास कर रहे थे। जब कहीं से राहत नहीं मिली तो आज सरेंडर किया है। ईडी के अधिवक्ता ने कहा है कि उनकी कोशिश रहेगी कि अशोक सिंघवी को कल जमानत नहीं मिले और ईडी को पूछताछ करने के लिए रिमांड मिल सके, ताकि ईडी मामले की जांच को आगे बढ़ा सके।


