टिकट ऑनलाइन बुकिंग से ही मिलेगी
जयपुर,(ARLive news)। देश और राजस्थान में 1 जून से कुछ रेल संचालन के निर्णय के बाद अब राजस्थान सरकार ने कुछ मार्गों पर रोडवेज बसें चलाने का निर्णय लिया है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम से जारी आदेश के अनुसार रोडवेज की 55 बसें राज्य में 23 मई से चिह्नित मार्गों पर चलेंगी।
आरएसआरटीसी जन सम्पर्क अधिकारी सुधीर भाटी ने बताया कि बसों की टिकट ऑनलाइन ही बुक होंगी और अंतिम समय में किसी कारणवश बस का जाना निरस्त होता है, तो यात्री को उसके टिकट की राशि वापस कर दी जाएगी। इसके अलावा यात्रियों को यात्रा के पूरे समय मास्क लगाए रखना अनिवार्य होगा और वे बस में बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तम्बाकू नहीं खा सकेंगे।
टिकट www.rsrtconline.rajasthan.gov.in वेबसाइट, आरएसआटीसी के रिजर्वेशन मोबाइल-एप और ई-मित्र केन्द्रों के जरिए ऑनलाइन बुक करवायी जा सकती है। हालां कि सफर करते समय यात्री को राज्य सरकार से जारी सभी दिशा-निर्देशों की पालना करना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए यात्री टोल फ्री नंबर 18002000103 या कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 9549456745 पर कॉल कर सकते हैं। जयपुर से चलने वाली रोडवेज बसें सिंधीकैंप से नहीं चलकर मार्ग के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर, दुर्गापुरा, 200 फीट बाईपास, चौमूं पुलिया से चलेंगी।






