जयपुर,(ARLive news)। कोरोना लॉकडाउन-3 के आज खत्म होने के साथ ही देश के अन्य राज्यों सहित राजस्थान में भी लॉकडाउन 31 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि केन्द्र की गाइडलाइन के अनुरूप राज्य में भी 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। राज्य की स्थितियों के अनुरूप इसके लिए विस्तृत गाइडलाइन 18 मई को जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लोग एडवाइजरी की पूर्ण पालना करें। जालौर, पाली, सिरोही, डूंगरपुर, बांसवाड़ा सहित वे 11 जिले जिनमें बीते दिनों बड़ी संख्या में प्रवासी आए हैं। इन जिलों में लोगों को मोबाइल पर यह संदेश भेजें कि वे स्वयं की सुरक्षा तथा अन्य लोगों के जीवन की रक्षा की दृष्टि से 14 दिन क्वारेंटाइन की अनिवार्य पालना करें। साथ ही गांव में नहीं घूमें और अन्य जिलों में आवागमन नहीं करें।
श्रमिकों का पैदल घर जाना झकझोर देने वाला है: श्रमिक स्पेशल बसें चलाएंगे
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि श्रमिकों एवं उनके परिजनों का अपने घर लौटने के लिए सैकड़ों किलोमीटर धूप में पैदल चलना बेहद तकलीफदेह है। राज्य सरकार इस पीड़ा से उन्हें राहत देने के लिए श्रमिक स्पेशल बसें चलाएगी। गहलोत ने निर्देश दिए कि रोडवेज इसके लिए बसें तैयार रखे। राज्यों से सहमति प्राप्त कर श्रमिकों को निशुल्क लाने एवं ले जाने के लिए ये विशेष बसें चलाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पूरे देश के लिए श्रमिकों की यह एक मार्मिक और झकझोर देने वाली समस्या है। मानवीय दृष्टिकोण से इसका जल्द निदान होना जरूरी है। इसके लिए केन्द्र सरकार बसों पर होने वाले व्यय को एसडीआरएफ मद में अनुमत करे।
मुख्यमंत्री लॉकडाउन के चतुर्थ चरण को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों के लिए ट्रेन के लायक यात्रियों की संख्या नहीं होगी, उन राज्यों में श्रमिक स्पेशल बसों के माध्यम से श्रमिकों को भेजा जाएगा। उन्होंने अपील की है कि दूसरे राज्य भी इसी तरह श्रमिक स्पेशल बसें चलाकर राजस्थान के श्रमिकों को भेजें।



