उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर शहर में चित्रकूट नगर स्थित बाल सम्प्रेषण गृह (सुधार गृह) में आए एक बाल अपचारी के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। बाल अपचारी का यह एक ऐसा मामला है, जिसमें 14 दिन बाद भी कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। एहतियातन सम्प्रेषण गृह के सभी बाल अपचारियों के कोरोना टेस्ट करवाए जाएंगे और जो स्टाफ संक्रमित बाल अपचारी के सम्पर्क में आया था, उसे क्वॉरंटीन किया जा रहा है। क्वॉरंटीन सेंटर में 12 मई को आए दोनों बाल अपचारियों के भी टेस्ट होंगे। अंदेशा है कि कहीं वो सोर्स तो नहीं।
उदयपुर में आज सुबह तक 8 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इससे कुल संक्रमितों संख्या 362 हो गयी है। सभी पहले मिले कोरोना संक्रमितों के संपर्क के लोग ही हैं। जयपुर में भी सेंट्रल जेल के 48 कैदियों के कोरोना संक्रमित होने की खबर है।
बाल सम्प्रेषण गृह अधीक्षक केके चन्द्रवंशी ने बताया कि 1 मई को न्यायालय से बच्चे को बाल सम्प्रेषण गृह भेजने के आदेश हुए थे। अभी व्यवस्था है कि जिस भी नए बच्चे के बाल सम्प्रेषण गृह के आदेश होते हैं, उसके लिए एक 14 दिन का क्वॉरंटीन सेंटर बनाया हुआ है। यह क्वॉरंटीन सेंटर बाल सम्प्रेषण गृह से करीब 1 किलोमीटर दूर है। ऐसे में इस बाल अपचारी को भी 1 मई को सीधे चित्रकूट नगर स्थित बाल सम्प्रेषण गृह लाने के बजाए पहले बाल सम्प्रेषण गृह के क्वॉरंटीन सेंटर भेजा था। 1 से 12 मई तक यह बाल अपचारी वहां बिलकुल अकेला रहा है।
12 मई को 2 नए बाल अपचारी आए
12 मई को वहां 2 नए बाल अपचारी लाए गए थे। नए आए दोनों बाल अपचारियों और इस बाल अपचारी को अलग-अलग कमरों में रखा था। 14 को बाल अपचारी का क्वारंटीन टाइम पूरा हो गया था। अब इसे बाल सम्प्रेषण गृह लाना था। ऐसे में मेडिकल टीम ने बाल अपचारी की स्क्रीनिंग की और टेस्ट के लिए सैंपल लिए। उसमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे। हम उसे बाल सम्प्रेषण गृह चित्रकूट नगर लेकर आ गए।
अधीक्षक चन्द्रवंशी ने बताया बाल सम्प्रेषण गृह में उसे दो दिन से अलग कमरे में ही रखा गया था और उसकी रिपोर्ट का इंतजार था। आज सुबह बाल अपचारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी है। उसे हॉस्पिटल भेज दिया गया है। मेडिकल टीम आ रही है, बाल अपचारी के सम्पर्क में आए स्टाफ सहित एहतियातन सभी बाल अपचारियों के टेस्ट करवाए जाएंगे।


