बेदला में ननिहाल आए बच्चे से नानी, मामी और भाई संक्रमित
पुलिस की अपील: नहीं जाएं अभी ननिहाल-ददिहाल, पड़ोसी भी ध्यान रखें
उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर में शुक्रवार सुबह आयी रिपोर्ट के अनुसार संक्रमितों की कुल संख्या 354 हो गयी है। कल रात 9 बजे से अब तक 37 नए केस की पुष्टि हुई है। बेदला क्षेत्र में एक ही परिवार से दो महिलाएं, एक बच्चा कोरोना संक्रमित मिला है। वहीं माछला मगरा स्कीम में एक व्यक्ति संक्रमित है, यह पिछले दिनों मुंबई से लौटा था, यह उदयपुर शहर विधायक गुलाब चंद कटारिया के घर की कॉलोनी का ही रहने वाला है। गीतांजलि हॉस्पिटल में भर्ती दो मरीजों के भी कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है।
सेंट्रल जेल में कल गुरूवार को पहुंचा एक कैदी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, सेंट्रल जेल अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया सेंट्रल जेल से 18 सुरक्षा कर्मी और बंदियों को क्वॉरंटीन कर दिया गया है। सीएमएचओ से इस संबंध में बात की गयी है। 5 दिन बाद इनके कोरोना टेस्ट करवाए जाएंगे। इधर पुलिस ने बताया कि सूरजपोल थाने के भी तीन जवानों को क्वॉरंटीन किया गया है।
इसके अलावा एमबी हॉस्पिटल के टेकरी आनंद नगर निवासी नर्स, सूरजपोल की रैगर कॉलोनी से 1, भूपालवाड़ी के बड़ी होली से 1, भूपालपुरा से 1, सेक्टर-14 से 1, फतहपुरा से 1, शिवनगर स्कीम में 1, अम्बावगढ़ में 6 कोरोना और ग्रामीण क्षेत्र में मावली के गुड़ली से 1, सायरा के सामला से 1, पॉजिटिव पाए गए हैं।
गीतांजलि में भर्ती दो मरीज ऑपरेशन से पहले निकले संक्रमित
इसके अलावा गीतांजलि हॉस्पिटल में भर्ती दो मरीजों के भी कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार पुरोहितों की मादड़ी निवासी एक मरीज और थूर निवासी एक मरीज इलाज के लिए गीतांजलि हॉस्पिटल पहुंचे थे। ऑपरेशन से पहले हर मरीज का कोरोना टेस्ट करवाया जा रहा है। इस पर इन दोनों मरीजो के भी सैंपल एमबी हॉस्पिटल भेजे गए। वहां दोनों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इन दोनों को गीतांजलि से एमबी हॉस्पिटल भर्ती करवाया दिया गया है। यहां भी इनके संपर्क में आए स्टाफ को क्वॉरंटीन किया जा रहा है।
बच्चा राव जी का हाटा से बदेला 8 मई को पहुंचा था
पुलिस ने बताया कि बेदला में जिस घर के तीन लोग संक्रमित पाए गए है, 8 मई को उनके घर रावजी का हाटा से दोहिता अपने ननिहाल आया था। उस बच्चे से नानी, मामी और ममेरा भाई कोरोना संक्रमित हो गए हैं। ऐसे में निवेदन है कि कोई इन दिनों छुट्टी मनाने नानी-दादी के नहीं जाए। अगर पड़ोसियों को भी पता चले तो वह प्रशासन को सूचित कर दे।
कैदी को आईटी एक्ट में गिरफ्तार किया था, निकला संक्रमित
पुलिस ने बताया कि एक आरोपी आईटी एक्ट के मामले में फरार चल रहा था। सूरजपोल थाना पुलिस टीम उसे चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार कर आयी। नियम है कि कैदी को कोर्ट में पेश करने से पहले कोरोना टेस्ट करवाया जाता है। टेस्ट सैंपल देने के बाद कल गुरूवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।आज उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गयी। इस पर उसे सीधे हॉस्पिटल भर्ती करवा दिया गया है। सेंट्रल जेल में भर्ती के समय चेकिंग से लेकर बैरिक में वह जिस-जिस व्यक्ति के संपर्क में आया सभी को क्वॉरंटीन कर दिया गया है।



