उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले तो चिंता का विषय है ही, इसके साथ ही एक चिंताजनक बात यह भी है कि कोरोना से लोगों को बचाने उनकी सेवा में लगे कोरोना वॉरियर्स डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ भी लगातार संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। एमबी हॉस्पिटल में अब तक 6 नर्सिंग स्टाफ और 1 डॉक्टर कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। पिछले पांच दिनों से हर दिन एमबी हॉस्पिटल के एक स्टाफ की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव की रिपोर्ट आ रही है।
जबकि संक्रमित होने वाले मेडिकल स्टाफ और डॉक्टर्स में सभी कोरोना वार्ड में कार्यरत नहीं हैं, मलतब संक्रमण हॉस्पिटल के अन्य हिस्सों में भी है। ऐसे में एमबी हॉस्पिटल में न सिर्फ कोरोना वार्ड बल्कि पूरे हॉस्पिटल में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ से लेकर सफाई कर रहा सफाई कर्मचारी और गेट पर बैठा सुरक्षा कर्मी सहित समस्त स्टाफ को संक्रमण से बचाने के लिए उनको उपलब्ध करवाए जा रहे संसाधनों पर ध्यान देना होगा। प्रशासन को कोरोना वॉरियर्स को संक्रमण से बचाव के लिए दी जा रही सुविधाओं और संसाधनों पर एक बार दोबारा गौर करना चाहिए।
नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर आए कोरोना चपेट में
- 14 मई: भूपालपुरा ओ रोड निवासी नर्स
- 13 मई: पंच रत्न कॉम्पलैक्स निवासी नर्स
- 12 मई: ओत्सवाल नगर निवासी डॉक्टर
- 12 मई: न्यू भूपालपुरा निवासी मेल नर्स
- 10 मई: एक नर्स
- 27 अप्रेल: पन्ना विहार निवासी महिला नर्स
- 2 अप्रेल: रजा कॉलोनी निवासी नर्स
आरएनटी प्राचार्य डॉ. लाखन पोसवाल ने बताया कि आज एक बैठक बुलायी है। सीएमएचओ और संयुक्त निदेशक भी बैठक में रहेंगे। इसी मुद्दे पर बात की जाएगी कि हेल्थ वर्कर्स को कैसे संक्रमण से बचाया जाए और क्या व्यवस्था की जाए ताकि हेल्थ वर्कर्स संक्रमण की चपेट में नहीं आएं। अभी डब्ल्यूएचओ की जितनी भी गाइडलाइंस हैं, उन सभी को फोलो किया जा रहा है। स्टाफ में अवैयरनेस भी कर रहे हैं। मास्क पहनने, डिस्टेंस रखने, साफ-सफाई रखने सहित सभी बातों का ध्यान रखा जा रहा है।
पुलिस भी रखे खास खयाल
पुलिसकर्मियों के लिए भी रिस्क बढ़ता जा रहा है। वे दिन-रात कोरोना कर्फ्यू ग्रस्त इलाके में ड्यूटी कर रहे हैं। अब जब बड़ी संख्या में गुजरात और महाराष्ट्र से श्रमिकों का आना शुरू हो चुका है तो विभिन्न चेकपोस्ट और नाकों पर खड़ी पुलिस के लिए भी खतरा बढ़ गया है। इन्हें भी अच्छी गुणवत्ता वाले मास्क उपलब्ध करवाना जरूरी हो गया है, जो उन्हें अब तक नहीं मिले हैं।



