सिर्फ फूल माला पहनाने, ताली बजाने या दिया जलाने से सम्मान नहीं होता, सम्मान दिल से करो
उदयपुर,(ARLive news)। सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि उदयपुर में अभी तक 102 कोरोना संक्रमित आए हैं, इसमें एक राहत की बात यह है कि इनमें 79 एक ही क्षेत्र कांजी का हाटा और उसके आस-पास वॉल सिटी एरिया से हैं। ऐसे में लोग घबराएं नहीं, बस कर्फ्यू का पूरी तरह पालन करें, ताकि इसके संक्रमण को रोका जा सके।
सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने होमगार्ड को लेकर वायरल हो रहे भ्रामक मैसेज को लेकर भी स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में संक्रमण होमगार्ड के कारण नहीं फैला है। कुछ लोग भ्रांति फैला रहे हैं कि एक होमगार्ड ने कोरोना फैला दिया, यह बात पूरी तरह गलत है। होमगार्ड के घर में 12 सदस्य है, जबकि कोरोना पॉजिटिव 4 लोग आए हैं। अगर होमगार्ड से ही पूरे क्षेत्र में कोरोना संक्रमण फैलता तो उसका पूरा परिवार संक्रमित होता।
कुछ लोग होमगार्ड के भाई को लेकर भी झूठी सूचना सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं कि होमगार्ड का भाई इंदौर से लौटा था और उसकी सूचना होमगार्ड ने छुपाई। जबकि ऐसा नहीं है। होमगार्ड का भाई उज्जैन से 1 अप्रेल को भाई की शादी के लिए लौटा था। तब पहला लॉकडाउन शुरू हुए एक सप्ताह ही ही हुआ था। हालां कि लॉकडाउन बढ़ता गया और वह यहीं रह गया। इस बात को 1 महीने से ज्यादा हो चुका है। ऐसे में कोरोना संक्रमण होमगार्ड का भाई लेकर भी नहीं आया है। संक्रमण सोर्स का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
होमगार्ड हर जगह कोरोना वॉरियर बनकर खड़ा है उसका अपमान तो मत करो
अभी हम डॉक्टर्स, पुलिस, सफाईकर्मी सभी को कोरोना वॉरियर्स कहकर सम्मान दे रहे हैं, तो होमगार्ड को हम इस सम्मान से कैसे छोड़ सकते हैं। होमगार्ड कभी पुलिस के साथ चौराहों पर, कभी हॉस्पिटल में मेडिकल स्टाफ के साथ तो कभी राशन डिस्ट्रीब्यूशन में रसद विभाग के साथ खड़े होकर जनता तक उसकी जरूरत का सामान पहुंचा रहा है। जब हर जगह होमगार्ड एक कोरोना वॉरियर बनकर काम कर रहा है, तो हम उसे सम्मान नहीं दे सकते तो अपमान तो न करें, वो भी झूठी खबरों सूचनाओं के आधार पर।

