उदयपुर,(ARLive news)। प्रदेश में आज 106 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसमें सर्वाधिक जोधपुर में 60 हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या 2772 हो गयी है, वहीं मृतकों की संख्या 68 है। उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र के शिल्पनगर में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद कलेक्टर आनंदी ने शिल्पनगर में कर्फ्यू के आदेश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार उदयपुर में मिली कोरोना संक्रमित 28 वर्षीय महिला की किराणे की दुकान है। महिला और उसका पति दोनों ही दुकान पर नियमित बैठते थे और किराणे की दुकान के चलते यह नियमित खुल भी रही थी। गत दिनों पुलिस को ऐसी सूचनाएं मिली थीं और चर्चाएं भी चली थीं कि इस किराणे की दुकान की आड़ में शराब भी बेची जाती है। इस दुकान से सवीना खेड़ा, तीतरड़ी सहित आस-पास के मजदूर क्लास भी सामान लेकर जाते थे और अन्य क्षेत्रवासी भी यहां से सामान खरीदते थे। बताया जा रहा है कि दुकान पर कोई अवैध कार्य न हो, इसलिए निगरानी के चलते पुलिसकर्मियों का भी इस दुकान पर आना-जाना था। महिला और उसके पति की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नही है।
ऐसे में संभावना है कि संक्रमण का जरिया दुकान हो सकती है। जहां हर दिन लोग खरीददारी के लिए आते हैं। इस बात ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन का अंदेशा सही निकला तो महिला को संक्रमण किससे लगा और महिला से संक्रमण किस-किस में गया होगा, यह पता लगाना कि मुश्किल हो जाएगा। प्रशासन अब आस-पास के सभी क्षेत्र में अभियान स्तर पर स्क्रीनिंग करवाएगा। ताकि हर घर में रहने वाले परिवार की स्थिति का पता लगाया जा सके।


