महिलाएं 1 किलोमीटर पैदल चलकर बस्ती के बाहर लगे नल से लाइन में खड़े रहकर पीने का पानी भरने को मजबूर..!
उदयपुर,(ARLive news)। कोरोना के कहर के बीच गर्मियां बढ़ने से शहर के आस-पास सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की किल्लत बढ़ गयी है। शहर से सटी भुवाणा पंचायत की रामनगर बस्ती में तो महिलाएं बस्ती के बाहर लगे नल तक पैदल-पैदल एक किलोमीटर आने-जाने और वहां कतार में खड़े रहकर पानी भरने को मजबूर हैं। इस दौरान न तो लॉकडाउन की पालना हो पाती है और न ही सोशल डिस्टेंसिंग की।
क्षेत्र की लाड कुंवर ने बताया कि भुवाणा पंचायत के रामनगर बस्ती में पीने के पानी का कोई नल नहीं है। ट्यूब बैल है, लेकिन गर्मियां बढ़ने से पानी का स्तर जमीन में काफी नीचे चला गया है। पानी इतना ज्यादा खारा आ रहा है कि उसे पिया नहीं जा सकता। ऐसे में महिलाओं को करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर बस्ती के बाहर पेसिफिक कॉलेज के पास लगे नल तक पैदल आना-जाना पड़ रहा है। महिलाएं रात को 10-11 बजे तक वहां पानी भरने जाने को मजबूर हैं और उस नल में भी दो दिन में एक बार पानी आता है तो पानी भरने के लिए लंबी-लंबी कतार लग जाती हैं।
समस्या है कि कोरोना के कहर से जूझ रही सरकारों और स्थानीय प्रशासन का भी इस ओर अभी ध्यान नहीं है। अभी पर्याप्त मात्रा में पानी के टैंकर की सप्लाई तक शुरू नहीं हुई है, जबकि मई शुरू हो चुका है।
शहर से सटी पंचायत के यह हाल तो बाकि के क्या हाल होंगे..?



