उदयपुर,(ARLive news)। मल्लातलाई में एक ही परिवार के सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद घबराए शहर के लिए राहत की बात है कि इनके संपर्क में जितने भी लोग आए थे, प्रशासन ने अधिकतर की जांच करवा ली है और सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। ऐसे में अब इनसे संक्रमण फैलने की संभावना नहीं है।
शनिवार को सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि संक्रमित चारों लोगों के क्लोज कॉन्टेक्ट में 184 लोगों की सूची तैयार की थी। इनमें 105 उदयपुर के ही हैं। इसमें 76 लोगों की रिपोर्ट आ चुकी है और सभी की रिपोर्ट कोरोना नेगेटिव है। वहीं 29 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। संक्रमित चारों लोग हॉस्पिटल में भर्ती हैं, इन्हें बुखार नहीं है, ऐसे में इनके भी जल्द ही स्वस्थ हो जाने की उम्मीद है।
सीएमएचओ ने बताया कि जिले में 69321 लोगों को होम क्वेरंटाइन किया गया था, इनमें 7657 लोगों का क्वेरंटाइन पीरियड पूरा हो गया है और 61664 लोग अभी भी होम क्वेरंटाइन में हैं। ऐसे में लोग कतई घबराएं नहीं, स्थिति नियंत्रण में है।
वहीं पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अफवाहों को फैलाने और लॉक डाउन का उल्लंघन करने के आरोप में 18 प्रकरण दर्ज कर 90 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने कहा कि लोग अफवाहों पर कतई ध्यान न दें, अफवाहों वाले या आपत्तिजनक मैसेज वायरल कतई वायरल नहीं करें।


