उदयपुर,(ARLive news)। शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र स्थित नमस्ते होटल में ठहरे 11 विदेशियों की सूचना नहीं देने के आरोप में मालिक और प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। सीआईडी जोन के डीएसपी सत्यपाल सिंह ने थाने में रिपोर्ट दी है कि नमस्ते होटल में फरवरी माह के अंतिम सप्ताह से मार्च के पहले सप्ताह के दौरान 15 विदेशी यात्री ठहरे थे। लेकिन होटल की तरफ से नियमानुसार भरे जाने वाले फॉर्म-सी में सिर्फ 4 विदेशी नागरिकों की ही सूचना दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार होटल प्रबंधकों ने 11 विदेशी नागरिकों की सूचना छुपाई। इन 11 विदेशी नागरिकों में 8 यूके, 2 अमेरिका और 1 आयरलैंड के हैं। ये सभी विदेशी नागरिक लॉक डाउन के चलते उदयपुर में ही फंए गए और वापस नहीं लौट सके। सीआईडी जोन को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने सभी विदेशी नागरिकों की स्क्रीनिंग करवायी है। थानाधिकारी भवानी सिंह ने बताया कि मेडिकल जांच में सभी नागरिक स्वस्थ पाए गए हैं। सीआईडी जोन के डीएसपी ने नमस्ते होटल के प्रबंधक अंकित चौधरी, रवि चौधरी, सारिका हुसैन और होटल मालिक गोपाल पुरोहित के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


