उदयपुर,(ARLive news)। कोरोना संक्रमण के बचाव को लेकर राजस्थान में कर्फ्यू लगा हुआ है। दावा किया जा रहा है कि जिलों की सीमाओं पर भी नाकाबंदी है और आने-जाने वालों की स्क्रीनिंग हो रही है, लेकिन इस व्यवस्था की हकीकत अवैध शराब से भरी एक पिकअप ने जाहिर कर दी।
हरियाणा निर्मित अवैध शराब केे कार्टन से भरी पिकअप हरियाणा से अलवर, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ जिलों की सीमाओं से होते हुए उदयपुर-गुजरात बॉर्डर तक पहुंच गयी, लेकिन पकड़ी नहीं गयी। हालां कि गाड़ी उदयपुर के खेरवाड़ा पुलिस की नाकाबंदी से नहीं बच पायी और बॉर्डर पर कोरोना को लेकर हो रही चेकिंग के दौरान नाके पर पकड़ी गयी। इसलिए सवाल है सभी जिलों के हाईवे पर यह कैसी नाकाबंदी है कि कहीं भी यह गाड़ी पकड़ में नहीं आयी।
सोमवार को खेरवाड़ा पुलिस ने अपने बॉर्डर पर चल रही नाकाबंदी के दौरान गुजरात नंबर की एक पिकअप को पकड़ा और तलाशी में उसमें 153 कार्टन हरियाणा निर्मित अवैध शराब पायी गयी। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि शराब की अनुमानित कीमत 20 लाख रूपए है। बॉर्डर पर नाकाबंदी देखकर चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। पिकअप से गाड़ी के कागज के अलावा कोई और दस्तावेज नहीं मिला है। गाड़ी नंबर के अनुसार सांबरकांठा जिले की है। इस कार्यवाही में थानाधिकारी भरत योगी के साथ हेडकांस्टेबल कमल कुमार, कांस्टेबल नरपत सिंह, कमल, आरटी पंकज और भूपेन्द्र ने की है।


